Man Shot Dead While Sleeping In Varanasi, Son Unaware Of Incident
वाराणसी। वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बेनियाबाग हरिजन बस्ती में एक व्यक्ति की रात के समय सोते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात उस समय हुई जब राजन अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। हैरानी की बात यह है कि मृतक का बेटा भी उनके पास ही सोया हुआ था, लेकिन उसे घटना की भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, राजन की दो पत्नियां हैं। उनकी पहली पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर क्षेत्र में रहती हैं, जबकि दूसरी पत्नी वाराणसी के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में निवास करती हैं। परिजनों के मुताबिक, दूसरी पत्नी के बेटे की सगाई आगामी 20 तारीख को होने वाली थी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन मिर्जापुर से वाराणसी आए हुए थे।
सोमवार सुबह जब परिवार के लोगों ने राजन को खून से लथपथ हालत में देखा तो चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद चौक थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की बात कह रही है।
