Chhatarpur Bandh Over Toriya Incident, Traders Demand Bulldozer Action
छतरपुर। टौरिया मोहल्ला कांड को लेकर छतरपुर में सर्व समाज और व्यापारी संगठनों द्वारा बुधवार को बुलाए गए बंद का व्यापक असर देखने को मिला। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके मकानों पर बुल्डोजर चलाने की मांग को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पहले टौरिया मोहल्ले में एक सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी मामले में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर सर्व समाज और व्यापारी संगठनों ने छतरपुर बंद का आह्वान किया था।
बंद के दौरान शहर के प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे, जबकि कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती दिखाई दीं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया था।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने छतरपुर एसडीएम प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही अवैध कब्जे और सरकारी भूमि पर बने मकानों को चिन्हित कर बुल्डोजर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।
पुलिस के अनुसार, टौरिया मोहल्ला विवाद से जुड़े मामले में अब तक तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस ने कांग्रेस नेता और उनके परिजनों सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इधर जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के मकानों की नाप-तौल और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ मकान शासकीय नजूल भूमि पर निर्मित पाए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल टौरिया कांड को लेकर शहर में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। व्यापारिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
