Man Assaulted for Skipping Buddhist Event
खबर यूपी के जनपद औरैया से सामने आई है जहां एक गांव में बौद्ध कथा में शामिल न होने पर पाल समाज के एक युवक को घर से उठाकर उसके साथ मारपीट की गई तथा एक युवक को अंबेडकर प्रतिमा के सामने कान पकड़कर उठक बैठक लगवाकर माफी मंगवाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आपको बतादें पूरा मामला औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के द्वारकापुर गांव का है जहां गांव में दोहरे समाज की ओर से बीती 6 अप्रैल से 13 अप्रैल तक बौद्ध कथा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि पाल समाज के कुछ लोग कथा में शामिल नहीं हुए। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह कुछ लोग पाल समाज के एक व्यक्ति के घर पहुंचे और उसे पकड़कर मारपीट करते हुए पड़ोस के गांव काजीपुर स्थित अंबेडकर पार्क ले गए जहां बाबा साहब की प्रतिमा के पैर छुलवाकर प्रतिमा के सामने ही एक युवक से कान पकड़कर उठक बैठक लगवाकर माफी मंगवाई गई।
वहीं एक वीडियो में सामने आया कि एक व्यक्ति अम्बेडकर प्रतिमा के पास खड़े होकर लोगों से प्रतिमा के चरण स्पर्श करा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और गांव में शांति व्यवस्था के लिए तैनात कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की बात कही है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं दूसरे पक्ष के दोहरे समाज ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा बाबा साहब के पोस्टर के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उनके प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
