Farmer Survives Bear Attack After 10-Minute Life-And-Death Battle
शौच करने के द्वारान किया भालू ने हमला 10 मिनट तक चला खूनी संघर्ष!
मध्य प्रदेश: पन्ना जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने यमराज बनकर सामने आए खूंखार भालू को धूल चटा दी। घटना अजयगढ़ क्षेत्र के भापतपुर (मजरा पथरियान) ग्राम की है। जहां 65 वर्षीय किसान पुरषोत्तम आदिवासी जब शौच के लिए गए थे, तभी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे जंगली भालू ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया।
निहत्थे पुरषोत्तम इस अचानक हुए हमले से डरे नहीं, बल्कि उन्होंने हिम्मत दिखाई और भालू से ही भिड़ गए। करीब 10 मिनट तक दोनों के बीच जिंदगी और मौत का खूनी दंगल चलता रहा। इस दौरान भालू ने बुजुर्ग के हाथ को अपने दांतों से बुरी तरह चबा डाला, लेकिन लहूलुहान होने के बावजूद पुरषोत्तम ने भालू को कसकर दबोचे रखा और लगातार शोर मचाते रहे। आखिरकार बुजुर्ग के अदम्य साहस के आगे भालू को घुटने टेकने पड़े और वह डरकर जंगल की ओर भाग गया।
फिलहाल, गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये के बाद से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत है और वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई जा रही है। सचमुच, पुरषोत्तम की यह बहादुरी मिसाल है कि अगर हौसला बुलंद हो, तो मौत को भी मात दी जा सकती है।
