Rape Accused Janpad Member Dies by Suicide Jumping Before Train
मध्य प्रदेश: के दमोह जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोपी जनपद सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
दमोह-कटनी रेलखंड पर समन्ना के पास शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कुछ ही देर में मृतक की पहचान कुदन आदिवासी, जनपद सदस्य बटियागढ़ ब्लॉक के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि मृतक पर एक नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप था, जिसके चलते दो दिन पहले ही उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही दमोह पुलिस और मगरोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी जनपद सदस्य ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
वहीं, जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने उसे निर्दोष बताते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पुत्र का कहना है कि उनके पिता को चुनावी रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाया गया था।
परिजनों का यह भी दावा है कि मृतक ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी बात रखी थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
