Clash in Machalpur Wedding Procession Over Bike Passage
मध्य प्रदेश: के राजगढ़ जिले के माचलपुर नगर में एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात पर बड़ा विवाद हो गया। गंगा जल यात्रा के दौरान बाइक साइड देने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, माचलपुर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में रामबाबू गुप्ता के पुत्र पीयूष गुप्ता का विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान घर की महिलाएं गंगा पूजन कर वापस लौट रही थीं। तभी अल्फेज नाम का युवक बाइक से वहां से गुजर रहा था। साइड देने को लेकर शुरू हुई बहस अचानक बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि पास में ही दूसरे समुदाय का भी एक शादी समारोह चल रहा था। विवाद की खबर मिलते ही वहां से करीब 25 से 30 लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। माचलपुर पुलिस के साथ खिलचीपुर एसडीओपी धर्मराज सिंह नागर भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुड़दंग में शामिल करीब 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि छोटी-सी बात भी किस तरह बड़ा विवाद बन सकती है, हालांकि पुलिस की तत्परता से मामला जल्दी नियंत्रण में आ गया।
