बनौली में भीषण आग, चार घर राख दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया

पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के बनौली गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक लगी भीषण आग ने चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलाकर राख कर दिया। उस समय घर के सभी लोग कुआंताल मेला देखने गए हुए थे, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गांव में हड़कंप मच गया। इस हादसे में अनीश लोधी, हुक्लू, कल्लू और उत्तम लोधी के घर पूरी तरह जल गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। किसी ने मोटर चलाई, तो कोई डिब्बों और पाइपों से पानी लाकर आग पर काबू पाने में जुट गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और जेके प्लांट की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

सबसे ज्यादा नुकसान अनीश लोधी के परिवार को हुआ है। उनके घर में रखा भारी मात्रा में अनाज, मटर, चना, सोने-चांदी के गहने, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।

इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही रात में चार परिवारों की सालों की मेहनत और उनके सपने आग में जलकर खत्म हो गए।

Leave a Comment