Youth Killed by Truck in No-Entry, Locals Block Road
मऊगंज (रीवा): रीवा जिले के मऊगंज के हनुमना क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। नो एंट्री के दौरान शहर में घुसे ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सोमवार रात करीब 8:40 बजे की बताई जा रही है। नगर में भारी वाहनों की एंट्री रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहती है, इसके बावजूद एक ट्रक नियमों को नजरअंदाज करते हुए शहर में घुस गया।
सीधी रोड स्थित आईसर एजेंसी के पास ट्रक ने बाइक सवार 24 वर्षीय जितेंद्र साकेत को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक पर एक 12 वर्षीय बच्चा भी सवार था, जो इस हादसे में सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद युवक ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने शव उठाने से इनकार करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
