A major case of corruption has been exposed within the Shahjahanpur Health Department
शाहजहांपुर: से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां स्वास्थ्य विभाग में एक बार फिर भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। मेडिकल क्लेम के नाम पर करीब 30 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ है।
बताया जा रहा है कि पूर्व कर्मचारियों के नाम पर फर्जी मेडिकल बिल और इलाज के दस्तावेज तैयार किए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर लाखों रुपये सरकारी खजाने से निकालकर संबंधित खातों में भेजे गए और बाद में रकम का बंदरबांट कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि जिन अस्पतालों से इलाज दिखाया गया, उनमें से कई अस्तित्व में ही नहीं थे। वहीं कुछ अस्पतालों में सिर्फ ओपीडी सुविधा होने के बावजूद मरीजों को भर्ती दिखाकर क्लेम पास कराया गया।
इस पूरे खेल में सीएमओ कार्यालय के एक बाबू की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसने कथित रूप से पूर्व कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपी बाबू ने खुद भी करीब 2 लाख रुपये का फर्जी क्लेम लेकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच पूरी होने के बाद बाबू समेत 13 पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
