Building Collapse in Kotma: 4-Storey Lodge Falls, 1 Dead, Several Trapped
अनूपपुर: जिले के कोतमा में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला अग्रवाल लॉज अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में मजदूरों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर सामने आई है। अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जेसीबी मशीनों और रेस्क्यू टीमों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। स्थानीय लोग भी घायलों को निकालने में जुटे नजर आए।
सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान और क्षेत्रीय विधायक व राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। जिले की नगर पालिकाओं की टीमों के साथ-साथ पावर प्लांट और एसईसीएल से जुड़े बचाव दल भी राहत कार्य में लगे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लॉज के पास निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका है कि खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हो गई और यह हादसा हुआ।
फिलहाल नगर पालिका की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या निर्माण कार्य की अनुमति दी गई थी और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। मामले की जांच जारी है।
