Police Arrest 3 Armed Criminals After Firing, One Absconding
ग्वालियर: में पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने खुद को बचाते हुए कार सवार तीन बदमाशों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह घटना भितरवार थाना क्षेत्र के हरसी नहर रोड की बताई जा रही है। पुलिस ने बदमाशों के पास से कार सहित अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश हरसी रोड पर हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही SDOP जितेंद्र नगाइज और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने कार तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए उनकी कार को ओवरटेक कर घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और तीन बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकरार खान, विपिन कुशवाहा और भूपेंद्र रावत के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी का नाम रामलखन रावत बताया गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 बोर का कट्टा, 12 बोर की दुनाली बंदूक, चार जिंदा कारतूस और एक आई-20 कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इकरार खान पर 23 मामले, जबकि अन्य आरोपियों पर भी कई केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
