Second F-15E Pilot Extracted Safely
वॉशिंगटन: अमेरिका ने ईरान के अंदर फंसे अपने F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान के दूसरे पायलट को एक बड़े और जोखिम भरे सैन्य अभियान के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। यह अधिकारी कर्नल रैंक के थे और विमान में वीपन सिस्टम ऑफिसर के तौर पर तैनात थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने इस मिशन को बेहद साहसी बताते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने एक जटिल खोज और बचाव अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में सैकड़ों स्पेशल फोर्स कमांडो और कई अत्याधुनिक हथियारों से लैस विमान शामिल किए गए थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ईरान ने दो सीटों वाले F-15E फाइटर जेट को मार गिराया था। इस घटना के बाद दोनों अधिकारी इजेक्ट होकर अलग-अलग स्थानों पर उतरे थे। एक पायलट को तुरंत सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे अधिकारी का पता लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लापता अधिकारी ने करीब दो दिनों तक दुश्मन के इलाके में खुद को सुरक्षित रखते हुए छिपकर समय बिताया। इस दौरान अमेरिकी सेना उसकी लोकेशन पर लगातार नजर बनाए रखी और सही मौके का इंतजार करती रही।
अंततः सटीक योजना और एयर सपोर्ट की मदद से अमेरिकी सेना ने इस मिशन को अंजाम दिया और अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान भारी सुरक्षा और गोपनीयता बरती गई ताकि ऑपरेशन पर कोई असर न पड़े।
ट्रंप ने यह भी कहा कि दुश्मन के इलाके से दोनों पायलटों को अलग-अलग अभियानों में सुरक्षित निकालना अमेरिकी सैन्य इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने दावा किया कि पूरे ऑपरेशन के दौरान किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा।
हालांकि बचाए गए अधिकारी को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
