गुजरात: के सूरत जिले के लिंबायत इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के पांच लोगों की जान ले ली।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव अभियान के दौरान घर के भीतर से पांच लोगों के शव बरामद किए गए, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
एडिशनल सीपी बलराम मीणा ने बताया कि सुबह लिंबायत पुलिस को आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित परिवार साड़ियों की पैकिंग का काम करता था और घर में इस काम से जुड़ा काफी सामान मौजूद था।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, दो मंजिला मकान के भूतल पर सुबह करीब 11 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ, जिससे अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका।
इस दुखद घटना में चार महिलाओं और एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।