Speeding Car Crashes Into Shop
कोरबा से बड़ी खबर: कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनालिया चौक के पास एक तेज रफ्तार कार के बेकाबू होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक कार सड़क पर बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सीधे एक मोबाइल दुकान में जा घुसी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार साफ नजर आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक की हालत देखकर ऐसा लग रहा था कि वह शराब के नशे में था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कार में सवार तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी युवक शराब के नशे में थे। इस हादसे में मोबाइल दुकान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि किसी की जान नहीं गई। बाइक सवार भी बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार पिछले करीब आधे घंटे से सोनालिया चौक और टीपी नगर इलाके में तेज रफ्तार से घूम रही थी और शराब दुकान के पास हुड़दंग मचा रही थी, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
