Russian Drone Attack on Ukraine Market Kills 5, Injures 21
यूक्रेन: के दक्षिणी इलाके में एक बाजार पर रूस की तरफ से किए गए ड्रोन हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 14 साल की लड़की भी शामिल है। यह जानकारी यूक्रेन के प्रॉसिक्यूटर जनरल ऑफिस ने दी है।
यह हमला सुबह करीब 9:50 बजे निकोपोल शहर में हुआ, जो ड्निप्रो नदी के उस पार स्थित है। इस नदी के दूसरी ओर का इलाका फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद से रूस के कब्जे में है।
हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में बाजार के कई स्टॉल पूरी तरह तबाह दिखाई दिए। जगह-जगह टूटी हुई धातु और कांच बिखरा पड़ा था, जिससे हमले की गंभीरता साफ नजर आई।
इससे पहले शुक्रवार को भी यूक्रेन के कई हिस्सों में ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम 15 नागरिकों की जान चली गई थी।
वहीं दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूस के दक्षिणी शहर तगानरोग पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया। रूस के मुताबिक इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
निकोपोल शहर पहले से ही लगातार हमलों का सामना कर रहा है, जिसकी वजह से वहां की करीब आधी आबादी पहले ही सुरक्षित जगहों पर जा चुकी है। लेकिन इस बार हमला सुबह के व्यस्त समय में हुआ, जिससे ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ गए।
प्रॉसिक्यूटर के मुताबिक, उसी जगह पर दोबारा किए गए हमले में दो और लोग घायल हुए। इस पूरे मामले की जांच युद्ध अपराध के तौर पर की जा रही है।
