नो एंट्री में घुसे ओवरलोड ट्रक ने ली युवक की जान, सड़क जाम

मऊगंज (रीवा): मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना नगर में यातायात नियमों की अनदेखी एक युवक की जान ले गई। नो एंट्री के दौरान शहर में घुसे ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीधी रोड पर नो एंट्री में घुसे गिट्टी से भरे ट्रक की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम।

घटना सोमवार रात करीब 8:40 बजे की है। हनुमना नगर में रात 10 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहता है, इसके बावजूद वाहन क्रमांक MP17 ZL 8284 नियमों को ताक पर रखकर शहर में प्रवेश कर गया।

सीधी रोड स्थित आईसर एजेंसी के पास ओवरलोड गिट्टी से भरे ट्रक ने बाइक सवार 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार साकेत, निवासी ग्राम अर्जुनपुर, थाना हनुमना को कुचल दिया। हादसे में जितेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि बाइक पर उसके साथ एक 12 वर्षीय बालक भी था, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शी बालक के अनुसार, ट्रक ने अचानक टक्कर मारी, जिससे वह दूर जा गिरा, जबकि जितेंद्र ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव उठाने से इनकार करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नो एंट्री के बावजूद रोजाना भारी वाहन शहर में प्रवेश करते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते। लोगों ने इस हादसे के लिए यातायात पुलिस और प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में करने और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

Leave a Comment