छिंदवाड़ा (तामिया): मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम (डोडा) की अवैध खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अफीम के पौधे जब्त किए हैं।
तामिया पुलिस ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6148 डोडा पौधे, जिनका कुल वजन 194.500 किलोग्राम और कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बाघ को जहर देकर मारने के मामले में आरोपी उदेसिंग पिता सुमरसिंग शीलू, निवासी छातीआम के खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। इसी आरोपी द्वारा अपने कब्जे के खेत, पाडो नाला (ग्राम छातीआम) के जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम (डोडा) की खेती किए जाने की सूचना वन विभाग से पुलिस को मिली थी।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी तामिया ने थाना और चौकी देलाखारी स्तर पर टीम गठित कर 29 मार्च 2026 को कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल के बीच स्थित खेत में छापेमारी की, जहां 6148 अफीम (डोडा) के पौधे पाए गए, जिनका कुल वजन 194.500 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
पुलिस ने उक्त फसल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8, 18(C) और 25 के तहत अपराध क्रमांक 60/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी उदेसिंग पहले से ही वन विभाग के एक अन्य मामले (पी.ओ.आर. क्रमांक 2305/49, दिनांक 27.03.2026) में जिला जेल छिंदवाड़ा में निरुद्ध है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।