Minor Caught with Illegal Weapon in Gwalior
ग्वालियर: में डबरा देहात पुलिस ने सोमवार रात एक 17 वर्षीय नाबालिग को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर की एक अधिया और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग को चीनोर रोड स्थित मिश्रा गैस गोदाम के सामने गश्त के दौरान पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
दरअसल, डबरा थाना पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो मिला था, जिसमें एक युवक अवैध हथियार के साथ रील बनाता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मिश्रा गैस गोदाम के पास एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर की अधिया बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा कारतूस भी फंसा हुआ था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाया और वह किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
