Lady Constable Arrested with Husband for Allegedly Killing Father Over Love Marriage
महाराष्ट्र: के चंद्रपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के लिए एक लेडी कॉन्स्टेबल पर अपने ही पुलिसकर्मी पिता की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने महिला कॉन्स्टेबल और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब तीन साल पहले जयंंत बलावर नाम के एक पुलिस हेड कॉन्स्टेबल की अचानक मौत हो गई थी। उस समय उनकी मौत का कारण साफ नहीं हो पाया था, इसलिए इसे सामान्य या हादसा मान लिया गया था। बाद में उनकी बेटी आर्या को ही उनकी जगह पुलिस विभाग में नौकरी दे दी गई और उसे रामनगर थाने में तैनात किया गया।
लेकिन अब इस केस में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि जयंंत की मौत स्वाभाविक नहीं थी। जांच आगे बढ़ी तो उनकी 22 वर्षीय बेटी आर्या ही इस मामले की मुख्य आरोपी बनकर सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, आर्या का अपने ही थाने में काम करने वाले कॉन्स्टेबल आशीष शेडमके के साथ प्रेम संबंध था। हालांकि ट्रेनिंग के बाद कुछ गलतियों के चलते आशीष को नौकरी से निकाल दिया गया था। बताया जा रहा है कि जयंंत को अपनी बेटी का यह रिश्ता बिल्कुल मंजूर नहीं था और वह दोनों की शादी के खिलाफ थे।
इसी वजह से आर्या और आशीष ने मिलकर जयंंत की हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि आर्या ने आशीष के जरिए जहर मंगवाया और इसके लिए उसे 5 हजार रुपये भी दिए।
जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2023 की एक सुबह आर्या ने अपने पिता को ऑफिस जाने से पहले मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया। जयंंत ने वह मिल्कशेक पी लिया और करीब एक घंटे बाद, ऑफिस पहुंचने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि उस समय आर्या की मां घर पर मौजूद नहीं थीं और उन्हें इस पूरी घटना की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसे सुनियोजित हत्या मान रही है।
