Gwalior Cyber Fraud: 3 More Arrested in ₹2.53 Crore Digital Arrest Scam
ग्वालियर: के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित विंडसर हिल में रहने वाले एयरफोर्स के रिटायर्ड डॉक्टर नारायण महादेव टिकेकर से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ढाई करोड़ से ज्यादा की ठगी करने वाले गिरोह के तीन और आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ, हरीश और शरद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनके खातों में करीब 28 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। इनमें दो आरोपी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले और एक ठगी का मीडिएटर बताया जा रहा है।

यह मामला शहर की अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी (2 करोड़ 53 लाख रुपए) में से एक है। 90 वर्षीय रिटायर्ड डॉक्टर नारायण महादेव टिकेकर को ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर फंसाया और करीब 22 दिनों तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखा।
ठगों ने डॉक्टर को डराकर उनके बैंक, शेयर और म्यूचुअल फंड की जानकारी हासिल कर ली और कुछ ही दिनों में उनके खातों से 2.53 करोड़ रुपए निकाल लिए। इस मामले की शिकायत 23 फरवरी को दर्ज कराई गई थी।
जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से करीब 28 लाख रुपए शरद डेहरिया के खाते में पहुंचे थे, जबकि सौरभ यादव और हरीश गढ़वाल को भी बड़ी रकम मिली थी।
पुलिस के अनुसार, हरीश गढ़वाल एक यूट्यूबर है, जिसने 12वीं तक पढ़ाई के बावजूद सॉफ्टवेयर के जरिए एप डेवलप कर ठगों की मदद की और देश-विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के संपर्क में था।
फिलहाल क्राइम ब्रांच पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
