बिलासपुर में युवती से सरेआम मारपीट, CCTV में कैद वारदात

बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है, जहां होटल के बाहर एक युवक ने युवती पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

होटल के बाहर युवती पर हमला, पुरानी पहचान को लेकर विवाद बना वजह।

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह एक परिचित युवक के साथ होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि होटल में रुकने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने युवती पर लात-घूंसों से हमला किया।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment