Frog Found Frozen Inside Ice at Ghantaghar Juice Center, Sparks Panic
छत्तीसगढ़: के कोरबा के घंटाघर चौपाटी में एक जूस सेंटर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब इस्तेमाल की जा रही बर्फ के अंदर से एक मरा हुआ मेंढक मिला। इस घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूस बनाते समय जब बर्फ को तोड़ा गया, तभी उसके भीतर मृत मेंढक दिखाई दिया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और तुरंत इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है। यदि बर्फ जैसी सामान्य चीज भी दूषित मिल रही है, तो अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी संदेह होना स्वाभाविक है।

रवि वर्मा, चौपाटी संघ के अध्यक्ष ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि संबंधित बर्फ फैक्ट्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
वहीं सुभाष चौक स्थित बर्फ डिपो संचालक डी गुप्ता ने बताया कि वह अलग-अलग फैक्ट्रियों से बर्फ लाकर बेचते हैं और यह स्पष्ट नहीं है कि जिस बर्फ में मेंढक मिला, वह किस फैक्ट्री से आई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित बर्फ और खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉयजनिंग और संक्रमण जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे यह मामला और भी चिंताजनक हो जाता है।
इस संबंध में विकास भगत (खाद्य एवं औषधि विभाग) ने बताया कि मामले की जांच शुरू की जाएगी और क्षेत्र की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी।
