Fly Ash from NTPC Vindhyachal Causing Trouble in Baliari Ward 38
सिंगरौली के वार्ड 38 तुलसी वार्ड बलियरी में एनटीपीसी विंध्याचल सुपर थर्मल पावर स्टेशन का राख डैम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। करीब 500 एकड़ में बने इस डैम से उड़ने वाली राख आसपास की बस्तियों में फैल रही है।
हवा चलते ही राख का गुबार उठता है और घरों, सड़कों व खेतों तक पहुंच जाता है। लोगों का कहना है कि दिनभर सांस लेना मुश्किल हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
एनटीपीसी का दावा है कि राख रोकने के लिए स्प्रिंकल सिस्टम लगाया गया है, लेकिन जमीन पर हालात कुछ और ही नजर आ रहे हैं। उड़ती राख कंपनी के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
राख के कारण इलाके में सांस की बीमारी, आंखों में जलन, त्वचा रोग और फेफड़ों की दिक्कतें बढ़ रही हैं।
वहीं, राख ले जाने वाले भारी वाहन संकरी गलियों से गुजरते हैं, जिससे जाम और हादसों का खतरा बना रहता है।
राख मिला पानी खेतों और नालों में पहुंच रहा है, जिससे खेती पर भी असर पड़ रहा है और मिट्टी की उर्वरता घट रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यदि जल्द ही प्रशासन और एनटीपीसी ने ध्यान नहीं दिया, तो बलियरी का वार्ड 38 “राख का गांव” बन सकता है।
