AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाया

आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए सांसद Raghav Chadha को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया। उनकी जगह अब Ashok Mittal को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले की जानकारी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर दी।

पार्टी के पत्र में साफ कहा गया है कि अब सदन में पार्टी की ओर से बोलने का समय राघव चड्ढा को नहीं दिया जाए। राघव चड्ढा 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 2028 तक निर्धारित है।

हालांकि, पार्टी ने इस निर्णय के पीछे की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि वे लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे और AAP से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से सक्रिय नहीं थे।

27 फरवरी को जब Arvind Kejriwal को दिल्ली शराब नीति मामले में निचली अदालत से राहत मिली थी, तब भी राघव चड्ढा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। हालांकि, वे राज्यसभा में गिग वर्कर्स और स्कूल फीस जैसे मुद्दों को उठाते रहे हैं।

नए उपनेता बने अशोक मित्तल भी पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद हैं। वे जालंधर के निवासी हैं और Lovely Professional University के संस्थापक और चांसलर हैं। 2022 में वे राज्यसभा के लिए चुने गए थे। राजनीति में आने से पहले वे एक सफल व्यवसायी रहे हैं और उनका परिवार ‘लवली ग्रुप’ के तहत ऑटोमोबाइल और मिठाई के कारोबार से जुड़ा हुआ है।

Leave a Comment