Two Terror Suspects Arrested in Noida: ISI Links, Grenade Attack Plot Foiled
उत्तर प्रदेश: एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए Noida से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।
एटीएस के अनुसार, आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहे थे और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े थे।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी आबिद जट समेत कई हैंडलर्स के संपर्क में थे और उन्हें संवेदनशील ठिकानों की रेकी करने का टास्क दिया गया था। इसके अलावा प्रभावशाली लोगों के घरों पर ग्रेनेड फेंकने की साजिश भी रची जा रही थी।
एटीएस का दावा है कि आरोपी मेरठ में रहकर बड़ी साजिश की प्लानिंग कर रहे थे और एक स्लीपर सेल भी तैयार कर चुके थे। उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए पैसों का लालच दिया गया था—50 हजार रुपये एडवांस और 2.5 लाख रुपये का वादा किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का संपर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुआ था। बंद आईडी के बाद उन्होंने नया अकाउंट बनाकर वॉइस और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क बनाए रखा। उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान बुलाने का लालच भी दिया गया था।
इसके अलावा कट्टरपंथी यूट्यूब चैनलों के जरिए भी उन्हें प्रभावित किया गया और “TTH” लिखकर लोगों को जोड़ने का टास्क दिया गया था। कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए धमकियां देने की बात भी सामने आई है।
एटीएस के मुताबिक, आरोपी ISI से जुड़े एजेंटों—मेजर हमीद, इकबाल और अनवर—के संपर्क में थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश जारी है।
इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे एक संभावित आतंकी वारदात को समय रहते टाल दिया गया।
