Speeding Camper Runs Over Two Women on Morning Walk, Both Die on Spot
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कैंपर वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोरबा से कटनी जा रही एक तेज रफ्तार कैंपर वाहन गौरेला पेंड्रा बाईपास पर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कैंपर वाहन आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कैंपर का परिचालक वाहन में ही फंस गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने परिचालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल परिचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक और उसका एक साथी हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे को प्रशासन की लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि गौरेला-पेंड्रा रोड पर यातायात व्यवस्था की अनदेखी के चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिसमें निर्दोष लोगों की जान जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
