LPG Tanker Carrying 15,400 Tons Reaches Navi Mumbai After Crossing Hormuz Safely
नवी मुंबई: पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। 15,400 टन एलपीजी लेकर एक भारतीय टैंकर नवी मुंबई स्थित बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंच गया है, जिससे देश में घरेलू गैस आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि ‘ग्रीन आशा’ नाम का भारतीय ध्वज वाला यह टैंकर 6 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत पहुंचा। इससे पहले ‘ग्रीन सानवी’ नामक एक अन्य टैंकर भी इसी मार्ग से गुजरकर देश पहुंच चुका है।
जेएनपीए के अनुसार, ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच इस टैंकर का सुरक्षित पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। युद्ध की स्थिति में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरना चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिनके टैंकरों को यहां से गुजरने की अनुमति मिल रही है।
प्राधिकरण ने बताया कि यह जहाज बीपीसीएल और आईओसीएल द्वारा संचालित तरल बर्थ पर सफलतापूर्वक लंगर डाला है। जहाज, उसमें मौजूद एलपीजी और चालक दल के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, नवी मुंबई का यह बंदरगाह, जिसे जेएनपीटी या न्हावा शेवा बंदरगाह भी कहा जाता है, देश की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है। मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद इस तरह के संचालन भारत की आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
