Bride Dies Under Suspicious Circumstances Within 3 Months of Marriage
आगरा से बड़ी खबर: आगरा के थाना कमलानगर क्षेत्र में नवविवाहिता मीनाक्षी की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शादी के मात्र तीन महीने बाद हुई इस मौत से नाराज परिजन बुधवार को सड़कों पर उतर आए और डीसीपी सिटी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीली सेना की अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, किन्नर और बच्चे डीसीपी कार्यालय पहुंचे। सभी ने गेट पर बैठकर तख्तियां लहराईं और न्याय की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मीनाक्षी के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट की गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा। वहीं, डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के कार्यालय में मौजूद न होने से प्रदर्शनकारियों की नाराजगी और बढ़ गई।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक अधिकारी मौके पर आकर उनकी बात नहीं सुनते और ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल, पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
