Tractor Falls Into Sunar River
दमोह से दर्दनाक खबर: दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी इलाके में एक दुखद हादसा सामने आया है। सुनार नदी में ट्रैक्टर गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान संतोष पटेल (पिता पूरन उर्फ गुल्ले पटेल), निवासी हिनौता थाना बटियागढ़ के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ट्रैक्टर नदी के पास खड़ा मिला और उसके पास ही संतोष पटेल का शव पड़ा हुआ था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे चालक उछलकर नीचे पत्थरों पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, संतोष ने करीब 10 दिन पहले ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। वह रात के समय नदी तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था और इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में बने गहरे गड्ढे में गिर गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
