Istanbul Shooting Near Israeli Consulate: Three Attackers Killed, Two Police Officers Injured
तुर्की: के इस्तांबुल शहर में मंगलवार को इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। यह घटना बेसिकतास जिले में हुई, जहां स्थित इस इमारत के पास अचानक गोलियों की आवाजें सुनी गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। तुर्की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारे गए तीनों लोग हमलावर थे, जिन्हें सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में ढेर कर दिया।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले का सीधा निशाना इजरायली वाणिज्य दूतावास था या नहीं। बताया जा रहा है कि यह वाणिज्य दूतावास पिछले करीब दो वर्षों से बंद है और वहां कोई स्टाफ तैनात नहीं है।
इजरायल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल वाणिज्य दूतावास में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलीबारी के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी को अपनी सुरक्षा के लिए हथियार निकालते और कवर लेते हुए देखा गया, जबकि आसपास गोलियों की आवाज गूंज रही थी।
घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। टीवी फुटेज में हथियारबंद पुलिसकर्मियों को इलाके में गश्त करते हुए देखा गया।
तुर्की के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने इस घटना की जांच के लिए तीन अधिकारियों की नियुक्ति की है। उन्होंने पुष्टि की कि घटना वाणिज्य दूतावास के बाहर हुई, हालांकि इसके पीछे की मंशा को लेकर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
