Indore Stabbing Case: Main Accused Arrested Within 24 Hours, Two Minors Also Detained
इंदौर: के विजयनगर थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल की देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें युवक पर जानलेवा हमला किया गया था।
दरअसल, 4 अप्रैल की रात करीब 1 बजे अनिल नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब दोपहिया वाहनों पर सवार 4 से 5 बदमाशों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शुरुआत में घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसने एक आरोपी वंश उर्फ चीकू का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू और उसके साथी विजय सोनगरा को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद लसूड़िया क्षेत्र के मुक्तिधाम में छिप गए थे और अगले दिन बड़वाह भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।
