Naked Body of Youth Found Near Bhukhi Mata Temple, Murder Suspected
धर्मधानी: उज्जैन में शिप्रा नदी तट के पास मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब भूखी माता मंदिर क्षेत्र के समीप पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात देखकर हत्या की आशंका जताई।
मृतक का शव पूरी तरह नग्न अवस्था में कीचड़ और पत्थरों के बीच पड़ा हुआ था। वहीं पास में ही उसकी ग्रे रंग की पैंट और सफेद कुर्ता सलीके से रखा मिला, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।
पुलिस के अनुसार, युवक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके गले में जूते का फीता बंधा हुआ मिला, जिससे अंदेशा है कि इसी से उसका गला घोंटा गया है। युवक के माथे पर तिलक भी लगा था, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि वह किसी धार्मिक स्थल से लौट रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। इस रहस्यमयी घटना से इलाके में डर का माहौल है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
